सुविधिनाथ राजेन्द्र गुरु मंदिर की 11वीं ध्वजा चढ़ाई, गुंजा पुण्याहम-प्रियंतम..


आचार्यद्वय की सीख, घरों में रहते हुए अधिकाधिक सामायिक करें व नवकार मंत्र जपें..




मैसूरु। सुविधिनाथ राजेन्द्र सूरी जैन संघ के तत्वावधान में महावीर नगर राजेन्द्र सूरी 
मार्ग पर स्थित सुविधिनाथ राजेन्द्र गुरु मंदिर की 11वीं ध्वजा आचार्यश्री अजीतशेखरसूरीजी, आचार्यश्री नयचंदसागरसूरीश्वरजी व अन्य साध्वीवृंद के सान्निध्य में चढ़ाई गई। इससे पूर्व दोनों जैनाचार्यो की ओर से ध्वजा पर मंत्रोच्चार के साथ वास्केप डाला गया। प्रमुख समाजसेवी हंसराज पगारिया ने बताया कि मोहनी देवी के शुभ आशीर्वाद से ध्वजा के लाभार्थी रिकबचंद रुपाजी क्षत्रिय-बोहरा परिवारवाले रहे। पगारिया के मुताबिक कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार के रोकथाम के लिए शहर लॉकडाउन किया गया है, जिलाधीश अभिराम जी.शंकर, शहर पुलिस आयुक्त चंद्रगुप्त तथा लश्कर पुलिस थाना निरीक्षक सुरेश कुमार के निर्देशानुसार सामाजिक दूरी की पालना करते हुए सीमित भक्तजनों की संख्या में धार्मिक आयोजन संपन्न किया गया। इससे पूर्व नितेशगुरुजी की ओर से विधिवत रूप से स्नात्र पूजा पढ़ाई गई। लाभार्थी परिवार की ओर से सुविधिनाथ व राजेन्द्र सूरी गुरु की प्रतिमा पर पक्षाल, केशर पूजा, आरती, मंगलदीप, शान्ति कलश किया गया। पुण्याहम पुण्याहम-प्रियंतम प्रियंतम.. के उच्चारण-गूंज के साथ भगवान सुविधिनाथ व राजेंद्र सूरी के गगनभेदी जयकारे लगाए गए। सचिव मांगीलाल गोवाणी ने  भक्तों को कोरोना वायरस के खात्मे के लिए अपने घरों में ज्यादा से ज्यादा सामायिक करने व नवकार मंत्र का जाप करने तथा जीव दया हेतु कार्य में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर माणकचंद, अशोक, महेंद्र, महावीर, विनोद क्षत्रिय बोहरा, सुविधिनाथ राजेंद्र सूरी ट्रस्ट के अध्यक्ष शांतिलाल हरण, उपाध्यक्ष अरविंद भंडारी, कोषाध्यक्ष धनेश मेहता, सुमतिनाथ जैन संघ के ट्रस्टी हंसराज पगारिया, राजेन्द्र सूरी नवयुवक मंडल अध्यक्ष प्रकाश झोटा, सचिव विक्रम हरण, कोषाध्यक्ष राकेश भंडारी, पार्श्व पद्मावती ट्रस्ट के अध्यक्ष दलीचंद श्रीश्रीमाल, मोहनलाल जैन व गिरीश बोहरा आदि मौजूद रहे।