संतों की निश्रा में रातडिया परिवार ने किया मरुधर केसरी जैन भवन का उद्घाटन


गुरु भगवंतों के प्रथम पगलिए के साथ हुआ संतत्रय  गुणगान भी



बेंगलुरु। यहां राजाजीनगर क्षेत्र में नवनिर्मित बहुमंजिला श्री मरुधर केसरी जैन भवन का शुभारंभ पंडित रत्न ज्ञानमुनिजी की पावन निश्रा में गुरु भक्त परिवार उदारमना जवरीलाल उत्तमचंद प्रकाश चंद पदमराज रातडिया परिवार वालों ने फीता खोलकर किया। इस अवसर पर संतों व श्रमण संघीय साध्वीश्री मणिप्रभाजी का पहली बार प्रवेश पगलिया भी इस भवन में हुआ तथा संतत्रय क्रमश: मरुधर केसरी मिश्रीमलजी महाराज साहब की पुण्यतिथि, आचार्यश्री हस्तीमलजी महाराज साहेब व प्रवर्तकश्री सुकनमुनिजी महाराज साहेब का जन्मोत्सव प्रसंग गुणानुवाद सभा के साथ मनाया गया। मंगलाचरण के साथ रातडिया परिवार की महिलाओं के स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। सभी का स्वागत गुरु भक्त उत्तमचंद रातडिया ने करते हुए गुरुकृपा की महिमा का बखान किया। संतश्री ज्ञानमुनिजी ने महापुरुष संतत्रय के जीवन संस्मरण बताए व दान-धर्म की महत्ता पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान श्री मरुधर केसरी स्थानकवासी जैन यादगार समिति ट्रस्ट पावन धाम जैतारण द्वारा गुरु भक्त सोहनराज मेहता के निर्देशन में रातडिया परिवार के सदस्यों का बहुमान किया गया। इस मौके पर श्री मरुधर केसरी वैयावच्च विहार सेवा ट्रस्ट कर्नाटक बेंगलुरु का गठन भी किया गया। इस ट्रस्ट में रातडिया परिवार सहित अनेक लोगों ने अपना-अपना सहयोग उद्घोषित किया। ओमप्रकाश लुणावत ने बताया कि संतश्री लोकेशमुनिजी, साध्वीश्री मणिप्रभा जी सहित श्रीमती शकुंतला मेहता व अनेक वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन गौतमचंद ओस्तवाल ने किया।